Wednesday, June 11, 2025

जिस महिला ने पादरी बजिंदर सिंह को जेल भिजवाया, उसके पति पर लगे रेप के आरोप निकले झूठे: पीड़िता ने दबाव में आकर की थी FIR, सरबजीत सिंह के हिमाचल जाने के नहीं मिले सबूत

पादरी बजिंदर सिंह को जेल भिजवाने वाली महिला और उसके पति सरबजीत सिंह के खिलाफ रेप के आरोप झूठे निकले हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में दोनों पति-पत्नी पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा कोर्ट में दर्ज याचिका भी फर्जी साबित हुई है।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में पंजाब के रूपनगर निवासी गुरनाम सिंह मुख्य साजिशकर्ता है। गुरनाम ने ही सरबजीत सिंह और उसकी पत्नी की जमानत याचिका के फर्जी दस्तावेज तैयार कर सुंदरनगर भेजे। वहाँ, अधिवक्ता सत्या को ₹25,000 नगद फीस देकर फाइल आगे बढ़ाने को कहा। हालाँकि, सरबजीत की यह याचिका मंडी कोर्ट ने खारिज कर दी थी।

हिमाचल की बल्ह पुलिस की जाँच में सामने आया है कि पीड़ित महिला ने दबाव में आकर रेप के आरोप लगाए थे। इसके बदले में उसे पैसे दिए गए थे। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सरबजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, इसमें 22 मई 2025 को रेप की शिकायत की गई। हालाँकि, पुलिस जाँच में सरबजीत सिंह और उनकी पत्नी के कभी भी हिमाचल प्रदेश नहीं जाने के सबूत मिले हैं।