Saturday, July 12, 2025

हिमाचल में बारिश बनी आफत, अब तक 75 से ज्यादा लोगों की मौत: 5 पुल बहने से कई सड़कें बंद, लाखों हेक्टेयर फसल भी तबाह

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से तेज बारिश का कहर लगातार जारी है। इसी बीच रविवार (6 जुलाई 2025) को चंबा और मंडी जिले में बादल फटने से राज्य के पाँच पुल बह गए।

जहाँ एक तरफ चंबा में कंघेला नाले पर बना पुल बह गया। वहीं मंडी जिले की चौहार घाटी में एक वाहन-यातायात और पैदल यात्रियों के लिए बने तीन पुल भी बह गए। नाले के किनारे बसे ग्रामीणों की उपजाऊ भूमि, फसलों को अचानक उठे इस सैलाब और मलबे से काफी नुकसान पहुँचा है। राज्य में पहले से ही तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी है।

हिमाचल प्रदेश में 20 जून को मानसून आने से लेकर 4 जुलाई तक बाढ़-लैंडस्लाइड की घटनाओं में अब तक कुल 75 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 288 लोग इस तबाही में घायल हुए हैं। बादल फटने की वजह से अब तक सबसे ज्यादा मौतें मंडी जिले में हुई हैं। यहाँ 14 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 31 लोग लापता हैं।

जिले के एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ठाकुर का कहना है “प्रशासनिक टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”