OpIndia is hiring! click to know more
Monday, April 14, 2025

केरल के कोझिकोड में 15 साल की लड़की के साथ गैंगरेप, पीड़िता को जानने वाले ही तीन लड़कों ने बनाया शिकार: 2 ने दुष्कर्म किया, 1 ने बनाई वीडियो

केरल राज्य के कोझिकोड जिले में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दो नाबालिग लड़कों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, इस वारदात के दौरान एक तीसरे नाबालिग लड़के ने कथित तौर पर वारदात का वीडियो भी रिकॉर्ड किया है।

इस घटना का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग पीड़िता ने अपने स्कूल में काउंसलिंग सेशन के दौरान इसका खुलासा किया। जिसके बाद स्कूल की तरफ से इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद तीनों नाबालिग लड़कों को हिरासत में ले लिया है।

मामले में फेरोके डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त एएम सिद्दीकी ने घटना की पुष्टि की। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपित नाबालिग हैं और आने वाले दिनों में किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। आरोपितों के माता-पिता को नोटिस भेजा है।

घटना की छानबीन करने के बाद पुलिस ने जानकारी दी कि पीड़िता का यौन शोषण करने वाले दोनों आरोपित लड़कों में से एक उसका पड़ोसी है, जबकि दूसरा किसी अन्य स्कूल का छात्र बताया जा रहा है। दोनों ही 10वीं कक्षा के छात्र हैं। तीसरा साथी, जिसने वीडियो रिकॉर्ड किया, वो पीड़िता के स्कूल का 9वीं कक्षा का छात्र है।