पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के गुरुवार (26 दिसंबर 2024) शाम को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी सेहत को लेकर अलग-अलग खबरें सामने आ रही हैं। आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन कॉन्ग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा ने अपने फेसबुक अकाउंट से उनके निधन की जानकारी साझा की है।
रॉबर्ट वाड्रा ने अपने सत्यापित फेसबुक अकाउंट से लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उनके परिवार और प्रियजनों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएँ।”
खबरों के मुताबिक, डॉ. मनमोहन सिंह को ‘गंभीर सांस की तकलीफ’ के चलते एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स ने उनके निधन की बात कही है, लेकिन आधिकारिक बयान आने का इंतजार किया जा रहा है।
डॉ. मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। उन्हें उनके शांत स्वभाव के लिए याद किया जाता है। उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर में चिंता बनी हुई है।