Monday, March 17, 2025

फ्रेंच महिला को लगा ब्रैड पिट के साथ कर रही हूँ डेट, इलाज के नाम पर ले लिए ₹7.36 करोड़: AI फोटो-वीडियो से फ्रॉड

फ्रांस की एक 53 वर्षीय महिला एक बड़े धोखे का शिकार हो गई। महिला को लगा कि वह हॉलीवुड अभिनेता ब्रैड पिट के साथ रिश्ते में है, लेकिन असल में वह एक ठग के जाल में फँस चुकी थी। इस धोखाधड़ी में महिला ने 830,000 यूरो (लगभग 7.36 करोड़ रुपये) गँवा दिए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला को सबसे पहले एक अकाउंट से मैसेज मिला, जिसने खुद को ब्रैड पिट की माँ बताया। इसके बाद एक नकली ब्रैड पिट ने उससे संपर्क किया। पहले से ही अपने रिश्ते में समस्याओं का सामना कर रही महिला ठग की मीठी बातों और AI से बनाए गए नकली वीडियो-फोटो के चक्कर में फँस गई।

ठग ने महिला को यह भरोसा दिलाया कि तलाक के केस में उसकी बीवी एंजेलिना जोली ने उसके बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए हैं। इलाज और अन्य खर्चों के लिए उसने महिला से पैसे माँगे। नकली पिट ने उसे महँगे गिफ्ट भेजने की बात कहकर कस्टम ड्यूटी के नाम पर पैसे भी वसूले।

महिला को असलियत तब पता चली, जब उसने असली ब्रैड पिट की नई गर्लफ्रेंड के साथ तस्वीरें देखीं। धोखे का पता चलने के बाद महिला डिप्रेशन में चली गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फ्रेंच पुलिस ने अब मामले की जाँच शुरू कर दी है।