Tuesday, February 25, 2025

झारखंड में 3 लड़कियों के साथ 18 लड़कों ने किया गैंगरेप, शादी से घर लौट रही थीं पीड़िताएँ: सारे आरोपित नाबालिग, पुलिस ने गिरफ्तार कर किशोर गृह भेजा

झारखंड के खूँटी में तीन लड़कियों के साथ 18 नाबालिग लड़कों द्वारा सामूहिक बलात्कार करने का मामला सामने आया है। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों की उम्र 12 से 17 साल के बीच है। उन्हें किशोर गृह भेज दिया गया है। घटना शुक्रवार (21 फरवरी) की देर रात की है। इन सभी लड़कियों की उम्र 12 साल से 16 साल के बीच है।

पुलिस का कहना है कि घटना की रात 9:30 बजे के करीब 5 लड़कियाँ रनिया इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान इन लड़कों को समूह इन लड़कियों को जबरन पकड़ कर अपने साथ नजदीकी पहाड़ी पर ले जाने लगा। इस दौरान दो लड़कियाँ आरोपितों को हाथों को दाँत से काटकर वहाँ से भाग गईं। वहीं, 3 लड़कियों के साथ इस वारदात को अंजाम दिया गया।

आरोपितों ने जनजातीय लड़कियों को धमकी दी कि अगर उन्होंने इस बारे में किसी को बताया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। हालाँकि, पीड़ित लड़कियों ने घर पहुँचकर इसके बारे अपने-अपने परिजनों को बताया। इसके बाद लड़कियों के परिजनों ने रविवार (22 फरवरी 2025) को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सभी आरोपितों का मेडिकल कराने के बाद किशोर गृह भेज दिया।