प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने वाली महिलाओं के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया ‘टेलीग्राम’ पर अपलोड करने के मामले में गुजरात पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक प्रयागराज का यूट्यूबर चंद्र प्रकाश भी है, जो ‘सीपी मोंडा’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाता है। आरोपितों के पास से स्नान करती महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं।
चंद्र प्रकाश को 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। चंद्र प्रकाश ने विभिन्न चैनलों से वीडियो हासिल किया था। इसके साथ ही महाराष्ट्र के लातूर रहने वाले प्रज्ज्वल तेली और सांगली के रहने वाले प्राज पाटिल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन्होंने पैसे कमाने के लिए टेलीग्राम पर राजकोट स्थित एक अस्पताल की महिला मरीजों के आपत्तिजनक वीडियो भी अपलोड किए हैं।
पुलिस के अनुसार, कुछ हैकर्स ने अस्पताल के सीसीटीवी सिस्टम में सेंध लगाकर महिला मरीजों की फुटेज हासिल की थी। बाद में प्रज्ज्वल और प्राज ने इन फुटेज को हासिल कर लिया और इन क्लिप को 800 से 2000 रुपए में ऑनलाइन बेचा। इससे दोनों ने पिछले 7-8 महीनों में 8-9 लाख रुपए कमाए। दोनों के पास से लगभग 2,000 क्लिप मिले हैं। प्रज्ज्वल और प्राज एक-दूसरे को जानते हैं। 12वीं पास करने के बाद दोनों लातूर में NEET की तैयारी कर रहे थे।