Monday, February 24, 2025

धोनी के साथ क्रिकेट खेल चुके खिलाड़ी की गोली मार कर हत्या: जिस कॉलेज में थे हेडक्लर्क, उसी के छात्र ने पुराने विवाद में ली जान

बिहार के भागलपुर में एक चौंकाने वाली घटना हुई है। यहाँ टीएनबी कॉलेज के हेड क्लर्क प्रभु नारायण मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 31 साल के प्रभु जिला स्तर के क्रिकेट खिलाड़ी थे और महेंद्र सिंह धोनी के साथ सद्भावना कप में खेल चुके थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार (23 फरवरी 2025) की रात करीब 10 बजे टीएनबी लॉ कॉलेज के छात्र संजीव झा ने उनके सीने में गोली मारी। परिजन उन्हें फौरन सदर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने संजीव को हिरासत में ले लिया है।

बताया जा रहा है कि 2017 में संजीव एक फायरिंग मामले में जेल जा चुका है और उसी साल प्रभु ने उसकी पिटाई की थी। दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी। मृतक के भाई सत्यम ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच के बाद संजीव अचानक आया और गोली चला दी। कुछ लोग हत्या की वजह कॉलेज के बगीचे से जुड़े 12 लाख रुपये के विवाद को भी मान रहे हैं।

सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने कहा कि पुलिस मामले की गहराई से जाँच कर रही है और जल्द खुलासा होगा।