दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक महिला का कंबल में लिपटा शव मिलने का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला का नाम कृष्णा देवी था और उसके प्रेमी इमरान ने ही उसकी हत्या की थी। पाँच बच्चों की माँ कृष्णा देवी का पेंटर इमरान के साथ अवैध संबंध था। हत्या के बाद इमरान शव के साथ ही 24 घंटे भी बिताए। पुलिस ने हत्या के दो दिन बाद बदबूदार शव बरामद किया था।
जाँच के बाद पुलिस ने इमरान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सच उजागर हुआ। पूछताछ में इमरान ने पुलिस को बताया कि 22 अप्रैल 2025 को कृष्णा देवी उसके कमरे पर आई थी। इमरान ने कृष्णा से कहा कि वह अपनी नाबालिग बेटी को लेकर आए और वहाँ से दूर कमरा लेकर साथ तीनों साथ रहेंगे। दरअसल, इमरान महिला की बेटी पर भी गंदी नजर रखता था।
इमरान के इस सलाह का कृष्णा देवी ने विरोध किया। इससे नशे का आदी इमरान गुस्सा गया। उसने चुन्नी से गला घोंटकर कृष्णा की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंबल में लपेट कर बाँध दिया। वह शव के बगल में ही दोपहर से लेकर पूरी रात तक सोता रहा। अगले दिन मकान मालिक ने दरवाज़ा खटखटाया तो वह शव को छोड़कर हरिद्वार भाग गया।
DCP ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी के मुताबिक, 24 अप्रैल 2025 को ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के इलायचीपुर में बरकत शाह के मकान में महिला का सड़ी-गली हालत में शव मिला था। महिला की पहचान दिल्ली के हर्ष विहार निवासी कृष्णा देवी के रूप में हुई।