Friday, April 25, 2025

बलूचिस्तान में IED ब्लास्ट में 8 पाकिस्तानी फौजी की मौत, 4 घायल: दो दिन पहले बलूच विद्रोहियों ने पंजाब के रहने वाले 6 यात्रियों को मारी थी गोली

पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान के ग्वादर शहर में रमजान की अलविदा जुमे (शुक्रवार- 28 मार्च 2025) के दिन विस्फोट में 8 सुरक्षा बल मार दिए गए। वहीं, करीब 4 सुरक्षाकर्मी घायल हैं। अज्ञात हमलावरों ने पदीजर क्षेत्र में मरीन ड्राइव के पास स्थित GPA कार्यालय के पास सैन्य वाहन को निशाना बनाते हुए IED विस्फोट कर दिया। हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी समूह ने नहीं ली है।

हालाँकि, माना जा रहा है कि यह काम विद्रोही ‘बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी’ (BLA) का है। इससे पहले बुधवार (26 मार्च 2025) को ग्वादर जिले में ही कलमात इलाके के पास ओरमारा राजमार्ग पर यात्री बस से उतारकर पंजाब प्रांत के छह यात्रियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हथियारबंद विद्रोहियों ने ग्वादर से कराची जा रही बस को रोका और आईडी चेक करने के बाद पंजाबी लोगों की हत्या कर दी।

हथियारबंद विद्रोहियों ने ने तीन बस यात्रियों का अपहरण भी कर लिया था। बता दें कि बलूच अधिकारों की वकालत और पाकिस्तानी सेना के अत्याचारों का विरोध करने वाली महरंग बलोच को पाकिस्तानी सेना ने 22 मार्च को देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद विद्रोहियों के हमले और तेज हो गए हैं।