कोलकाता के न्यू टाउन के एक 29 साल के व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका कसूर इतना था कि उसने अपने लिव इन पार्टनर के साथ हो रहे छेड़छाड़ का विरोध किया। तीन लोग शंभू मंडल, सागर दास और राजू घोष उसकी गर्लफ्रेंड के साथ बदसलूकी कर रहे थे।
घटना बुधवार देर रात 1.30 बजे की है जब संकेत की गर्लफ्रेंड किसी बात पर बहस के बाद घर छोड़ कर जा रही थी। वो चलते हुए सुनसान जगह पर पहुँची जहाँ पहले से सड़क किनारे तीन लोग बैठे थे। इनलोगों ने लड़की से छेड़खानी शुरू कर दी। लड़की उसकी बातों को अनसुना करते हुए आगे बढ़ रही थी लेकिन इस दौरान उन लोगों ने लड़की को घेर लिया। संकेत लडकी के पीछे ही आ रहा था। संकेत ने विरोध किया तो तीनों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
बांस के लट्ठे से पीटे जाने के कारण संकेत चटर्जी के सिर पर काफी चोटें आई। लड़की उसे बचाने के लिए चिल्ला रही थी। उसने आसपास लोगों से मदद लेने की कोशिश की लेकिन देर रात कोई मदद नहीं मिला। थक हार कर उसने अपने दोस्तों और परिजनों को फोन किया जिसके बाद संकेत को अस्पताल पहुँचाया जा सका। गुरुवार को अस्पताल में उसकी मौत हो गई। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक “प्रारंभिक जाँच से पता चला है कि संकेत का अपने दोस्त से झगड़ा हुआ था, जिसने रात 1.30 बजे एक अपार्टमेंट से बाहर निकलने का फैसला किया था। महिला अपार्टमेंट से बाहर निकली और सुनसान जगह पर चलने लगी, तभी मुख्य सड़क के पास बैठे तीन लोगों ने उसके साथ बदसलूकी किया।”