Wednesday, May 14, 2025

भारत ने बांग्लादेश को ₹5000 करोड़ देना किया बंद: अब मदद नेपाल और भूटान पहुँचेगी, अपने देश का इंफ्रा होगा मजबूत

बांग्लादेश को मोदी सरकार ने रेल प्रोजेक्ट की फंडिंग रोक कर बड़ा झटका दिया है। भारत ने बांग्लादेश में रेलवे प्रोजेक्ट की ₹5 हजार करोड़ की फंडिंग रोक दी है। यह प्रोजेक्ट भारत पूर्वोत्तर राज्यों से शेष भारत को जोड़ने के लिए चलाए जा रहे थे। इससे बांग्लादेश को भी कनेक्टिविटी में फायदा होता। 

भारत बांग्लादेश में अखौरा-अगरतला क्रॉस बॉर्डर रेल लिंक, खुलना-मोंगला पोर्ट रेल लाइन और ढाका-टोंगी-जॉयदेबपुर रेल प्रोजेक्ट को फंडिंग कर रहा था। इनके अलावा भी पाँच रेल प्रोजेक्ट को लेकर योजना बनाई गई थी, उनके सर्वे पर भी अब ताला लग गया है। 

कयास लगाए जा रहे हैं कि मोदी सरकार ने यह फैसला बांग्लादेश के लगातार भारत विरोधी रवैये के चलते लिया है। बताया जा रहा है कि भारत अब बांग्लादेश के बजाय नेपाल और भूटान के रास्ते पूर्वोत्तर जोड़ने के विकल्प देखेगा। फंडिंग रोकने से पहले भारत ने हाल ही में बांग्लादेश को दी जाने वाली लैंड पोर्ट सुविधा भी रोक दी थी।

बांग्लादेश भारतीय जमीन के रास्ते का इस्तेमाल करके नेपाल और भूटान में सामान भेजता था। अब उसके इन निर्यात को झटका लगेगा। भारत ने इसके पीछे अपने यहाँ भीड़ बढ़ना कारण बताया था।