Monday, June 23, 2025

‘क्रिएटिव’ नाम रखने से नहीं बदलेगी सच्चाई: अरुणाचल पर भारत ने चीन को हड़काया, विदेश मंत्रालय बोला- हमेशा था और रहेगा भारत का अखंड हिस्सा

चीन ने एक बार फिर भारत के खिलाफ नापाक साजिश रची। चीन ने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा बताने की कोशिश की। इसी कड़ी में देश ने भारत के अभिन्न अंग अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों के नाम बदले। लेकिन भारत ने इसका खंडन कर दिया। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इन प्रयासों को लेकर कहा कि इससे सच्चाई नहीं बदल जाएगी।

MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने देखा है कि भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश में स्थानों के नाम रखने की अपनी व्यर्थ कोशिशों को जारी किए हुए है। हमारे सैद्धांतिक रुख के अनुरूप, हम इस तरह के प्रयासों को स्पष्ट रूप से अस्वीकार करते हैं।”

उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, “नाम बदलने का काम इस सच्चाई को नहीं बदलेगा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा।”

बता दें कि चीन अक्सर दावा करता है कि अरुणाचल प्रदेश दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा है। पहले भी कई बार पूर्वोत्तर राज्य के कई स्थानों के नाम बदलकर नक्शे जारी करता रहा है। साल 2024 में, चीन ने अरुणाचल प्रदेश में विभिन्न स्थानों के 30 नए नामों की एक सूची जारी की, जिसे भारत ने स्पष्ट रूप से अस्वीकार कर दिया।