Monday, June 23, 2025

एशिया में भारत का बाजार सबसे मजबूत, भरोसे के मामले में जापान को भी छोड़ा पीछे: जब दुनिया भर की अर्थव्यवस्था कर रही संघर्ष, तब भी ऊपर जा हमारा शेयर मार्केट

बैंक ऑफ अमेरिका के ताजा सर्वे में भारत ने जापान को पछाड़कर एशिया का सबसे पसंदीदा शेयर बाजार बनने का तमगा हासिल किया है। सर्वे में 42% फंड मैनेजरों ने भारत के शेयर बाजार में निवेश बढ़ाने की बात कही, जबकि जापान को 39% और चीन को सिर्फ 6% ने चुना। भारत की मजबूत घरेलू माँग और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में बढ़ती हिस्सेदारी इसके पक्ष में रही।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, विशेषज्ञों का मानना है कि भारत का बुनियादी ढाँचा और खपत पर जोर इसे निर्यात की अस्थिरता से बचाता है। हाल ही में ट्रंप के टैरिफ फैसले से वैश्विक बाजारों में उथल-पुथल मची, लेकिन भारत का निफ्टी 50 सूचकांक स्थिर रहा। मई में पाकिस्तान के साथ तनाव के बाद 10 मई को हुए सीजफायर ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। पहली तिमाही के शानदार नतीजों ने भी बाजार को बल दिया।

बर्नस्टीन के विश्लेषक वेणुगोपाल गारे का अनुमान है कि भारतीय शेयर बाजार इस साल 7.6% और चढ़ेगा। मजबूत तरलता, कर राहत और ग्रामीण माँग भारत को नई ऊँचाइयों पर ले जा रही है। भारत न सिर्फ वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहा है, बल्कि उनसे फायदा भी उठा रहा है।