Monday, February 3, 2025

अमेरिका में ‘अवैध’ रूप से रह रहे 18000 नागरिकों को वापस लेगा भारत, दोनों देशों ने मिलकर की प्रवासियों की पहचान

भारत सरकार ने अमेरिका के 18,000 अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस लाने की तैयारी कर ली है। अमेरिका और भारत ने मिलकर इन प्रवासियों की पहचान की है। हालाँकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यह संख्या और अधिक हो सकती है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत पहले से अवैध प्रवासियों को वापस लेने में सहयोग दिखा रहा है। अक्टूबर 2024 में एक चार्टर फ्लाइट से 100 से अधिक भारतीयों को वापस लाया गया था। कुल 1100 से अधिक लोगों को चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए लाया जा चुका है। एक अनुमान के मुताबिक, अमेरिका में 2.20 लाख भारतीय अवैध रूप से रहते हैं।

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई को अपनी मुख्य प्राथमिकताओं में रखा है। ट्रंप सरकार से सहयोग के बदले भारत उम्मीद कर रहा है कि वह छात्र वीज़ा और एच-1बी जैसे वैध आव्रजन चैनलों को सुरक्षित रखेगा। एच-1बी वीज़ा में 2023 में जारी किए गए 3.86 लाख वीज़ा में से 74% भारतीयों को मिले थे।