जामिया मिलिया इस्लामिया ने राजनीति विभाग के एक सहायक प्रोफेसर को दुष्कर्म के आरोप के बाद निलंबित कर दिया। प्रोफेसर पर कॉलेज की ही लेक्चरर पर शादी का झाँसा देकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। पीड़िता द्वारा न्यू फ्रेंडस पुलिस थाने में की गई शिकायत के आधार पर आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जामिया प्रशासन ने घटना को लेकर कहा कि संस्थान महिलाओं के खिलाफ किसी भी हिंसा के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाता है। आरोपित प्रोफेसर स्थायी फैकल्टी नहीं है, उसे अस्थायी तौर पर नियुक्त किया गया था। ये मामला पूरे तरीके से निजी है इसीलिए जामिया इस्लामिया का इस कथित घटना से कोई संबंध नहीं है।
दिल्ली पुलिस के बयान अनुसार, आरोपित ने सोशल मीडिया पर महिला से दोस्ती की थी। कथित तौर पर 7 जून 2024 को पहली बार महारानी बाग में शारीरिक संबंध बनाए। महिला के साथ शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाना जारी रखा। पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच शादी की चर्चा जारी थी लेकिन 4 अक्टूबर 2024 को आरोपित के पिता ने प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसके बाद आरोपित प्रोफेसर ने भी शादी करने से मना कर दिया।