जौनपुर में गौ तस्करों ने पुलिस पर हमला कर हेड कांस्टेबल दुर्गेश कुमार सिंह को पिकअप वाहन से कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना शनिवार (17 मई 2025) रात आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर चंदवक थाना क्षेत्र में हुई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद पुलिस ने गौ तस्कर सलमान और उसके साथियों का करीब 60 किलोमीटर तक पीछा किया, जो वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र तक चला। जब पुलिस ने बदमाशों को घेरा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस मुठभेड़ में गौ तस्कर सलमान के सीने में गोली लगी और जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
उसके दो साथियों नरेंद्र यादव और गोलू यादव के पैर में गोली लगने से घायल हुए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, तीन अन्य तस्कर राहुल यादव, राजू यादव और आजाद यादव फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर लिया और चंदवक थाने में मामला दर्ज किया।