Friday, April 25, 2025

राँची में BJP नेता की दिनदहाड़े हत्या, आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार: झारखंड की सोरेन सरकार पर उठ रहे सवाल, मुख्यमंत्री के इस्तीफे की उठी माँग  

झारखंड की राजधानी राँची के कांके चौक पर बुधवार (26 मार्च 2025) को भाजपा नेता और जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल टाइगर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए।

सूचना पर पहुँची पुलिस ने अनिल टाइगर को इलाज के लिए रिम्स पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के बाद अभियान चलाया और मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी के अनुसार, आरोपित को पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।

इस हत्या को लेकर झारखंड में सियासत माहौल गरमा गया है, जहाँ भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया है। विधायक नवीन जायसवाल और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने हेमंत सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की माँग की है। हत्या के विरोध में भाजपा ने 27 मार्च को राची बंद का ऐलान किया है।