झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता हेमंत सोरेन ने गुरुवार (28 नवंबर 2024) को चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजधानी राँची के मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गाँधी, ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव सहित INDI गठबंधन के 10 दलों के 18 नेता शामिल हुए।
झारखंड में मंत्रीमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा। शपथ से पहले हेमंत सोरेन ने कहा, “हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। हमें न विभाजित किया जा सकता है और न ही शांत किया जा सकता है। हम झारखंडी हैं और झारखंडी कभी झुकते नहीं हैं।” बता दें कि हेमंत सोरेन ने दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करके उन्हें भी शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया था।
बता दें कि 23 नवंबर 2024 को आए झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों में INDI गठबंधन को 81 में से 56 सीटें मिली हैं। इनमें झारखंद मुक्ति मोर्चा को 34, कॉन्ग्रेस को 16, लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को 4 और भाकपा (माले) को 2 सीटें मिली हैं।