Tuesday, February 4, 2025

JNU के प्रोफ़ेसर को किया गया सस्पेंड, NAAC रेटिंग के लिए माँगता था रिश्वत: CBI ने किया है गिरफ्तार

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर राजीव सिजारिया को विश्वविद्यालय प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। राजीव सिजारिया पर कॉलेज को NAAC रेटिंग देने के लिए ₹1.8 करोड़ रिश्वत माँगने का आरोप है। उन्हें इस मामले में CBI ने गिरफ्तार किया है। उनके साथ 9 और लोग गिरफ्तार हुए हैं।

NAAC टीम आंध्र प्रदेश में एक कॉलेज का निरीक्षण किया था। आरोप है कि इस टीम ने ₹1.8 करोड़ की रिश्वत माँगी थी। आरोप है कि इसके बाद चेयरमैन के लिए ₹10 लाख, ₹3 लाख हर सदस्य के लिए और सभी को एक लैपटॉप समेत एक सदस्य की पत्नी की यात्रा का खर्च उठाने पर सहमति बनी थी। यह डील सिजारिया ने करवाई थी।

सिजारिया पर खुद ₹28 लाख लेने का आरोप है। इस डील के बदले NAAC की A++ रेटिंग कॉलेज को दी जानी थी। हालाँकि , यह मामला खुल गया और CBI ने इसमें कार्रवाई चालू कर दी।