उत्तर प्रदेश के कानपुर में विमल सोनी नाम के एक जिम ट्रेनर को एक महिला की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसने 32 साल की एकता सोनी की हत्या कर उसका शव कानपुर के जिलाधिकारी के आवासीय परिसर में गाड़ दिया था। करीब 4 महीने बाद खुदाई कर कंकाल निकाले गए हैं।
राहुल गुप्ता ने 24 जून 2024 को अपनी पत्नी एकता के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वह ग्रीन पार्क स्टेडियम के जिम गई थी। उन्होंने विमल सोनी पर पत्नी को अगवा करने की आरोप लगाया था।
एकता के गायब होने के बाद से विमल भी लापता था। जब पुलिस ने उसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या करने और शव डीएम आवास के परिसर में गाड़ने की बात कबूली। रिपोर्टों के अनुसार दोनों के बीच संबंध थे। लेकिन विमल ने अपनी शादी तय होने के बाद एकता से पीछा छुड़ाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया। खुदाई में मिले कंकाल फोरेंसिक जाँच के लिए भेजे गए हैं।