कर्नाटक में विधायक-विधान पार्षदों और मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की मासिक तनख्वाह में 100% की बढ़ोतरी की गई है। इस संबंध में कर्नाटक विधानसभा ने पेश किए गए बिल को शुक्रवार (21 मार्च, 2025) को मंजूरी दे दी। अब कर्नाटक के विधायक-पार्षद ₹40 हजार की जगह ₹80 हजार/ महीना पाएँगे।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की तनख्वाह भी ₹75 हजार से दुगनी होकर ₹1 लाख 50 हजार हो गई है। यह बिल ऐसे समय में आया है जब लगातार कर्नाटक की कॉन्ग्रेस सरकार जनता पर बढ़े टैक्स और सुविधाओं के लिए बढ़े दामों का बोझ लाद रही है। दिसम्बर में ही कॉन्ग्रेस सरकार ने वाहनों की खरीद पर टैक्स बढ़ाया था।
वहीं राज्य में नंदिनी दूध के दाम बढ़ाए जाने और पैकेट में मात्रा घटाए जाने की भी तैयारी चल रही है। जल्द ही ₹5/लीटर तक की बढ़ोतरी राज्य में हो सकती है। इसके अलावा कॉन्ग्रेस सरकार पानी की कीमतें भी बढ़ाने वाली है। इसको लेकर भी तैयारी पूरी हो चुकी है। राज्य में बसों का किराया 15% पहले ही बढ़ाया जा चुका है।
कर्नाटक में MLA और CM की तनख्वाह बढ़ाने की आलोचना भी हुई है। हाल ही में आई ADR की एक रिपोर्ट ने बताया था कि देश में सबसे अधिक अरबपति MLA कर्नाटक में ही हैं।