कर्नाटक में गर्भवती गाय की हत्या के मामले में पुलिस ने 19 साल के फैसल को पकड़ा है। वह भागने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई। इससे पहले उसका साथी तौसीफ पकड़ा गया था।
यह घटना उत्तर कन्नड़ जिले के होनावर ताल्लुक की है। 19 जनवरी 2025 को कृष्णा आचारी की गर्भवती गाय गाँव के बाहर घास चर रही थी। गाय जब घर नहीं लौटी तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन गाय का कटा हुआ सिर, पैर और बछड़े का क्षत-विक्षत शव मिला।
गाय का सिर काट दिया गया था। पेट फाड़कर मृत बछड़े को बाहर निकालकर फेंक दिया गया था। वहीं गाय का धड़ बदमाश अपने साथ ले गए थे। जाँच में पता चला कि धड़ के टुकड़े कर बदमाशों ने एक निकाह की दावत के लिए मीट सप्लाई की थी। पुलिस ने दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमों का गठन किया था।
पुलिस ने बताया है कि मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर फैसल को कासरकोड से पकड़ा गया। थाने ले जाने के क्रम में उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। कुछ रिपोर्टों में गिरफ्तार आरोपित का नाम फैजान बताया गया है। साथ ही कहा गया है कि एनकाउंटर उस वक्त हुआ जब पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियार के इस्तेमाल की बरामदगी के लिए उसे ले जा रही थी।