दिल्ली चुनावों में मिली करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भड़के हुए हैं। उन्होंने 23 मार्च 2025 को ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार को ‘अंग्रेजों से भी बदतर’ करार दिया है और दोबारा दिल्ली में उभरने की कसम खाई।
उन्होंने अपने जेल में रहने की तुलना स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के जेल में रहने से की। फिर भगत सिंह द्वारा लिखे पत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों के शासन में भी पत्राचार की स्वतंत्रता थी, लेकिन उन्हें जेल में रहते हुए पत्र लिखने तक की अनुमति नहीं दी गई। अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर आरोप लगते हुए कहा कि उसने सत्ता में आते ही सरकारी कार्यालयों से भगत सिंह और डॉ भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें हटवाईं।
केजरीवाल ने कहा कि भगत सिंह सिर्फ अंग्रेजों को हटाने के पक्ष में नहीं थे, बल्कि समाज में बदलाव लाने की बात करते थे, लेकिन आज के शासक उस विचारधारा को खत्म करना चाहते हैं। दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना पर कथित प्रतिबंधों पर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा।
उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को मुफ्त टिकट देने से रोका जा रहा है और उन्हें ऐप डाउनलोड करने को कहा जा रहा है। केजरीवाल ने 1 महीने पहले बनीं भाजपा सरकार पर जनता से किए चुनावी वादे पूरे न करने का भी आरोप लगाया।