Saturday, March 8, 2025

‘BAAAAAADDDD BEHAVIOR’ करने वाली 2 बकरियों को पुलिस ने दबोचा: भेज दिया अमेरिका के पशु आसरा गृह में, सोशल मीडिया पर तरह-तरह के रिएक्शन

अमेरिका के वाशिंगटन राज्य की पुलिस ने दो बकरियों को पकड़ लिया। बकरियों पर आरोप है कि वह केंट शहर के एक इलाके में राहगीरों को दौड़ा रही थीं। पुलिस ने बकरियों को हिरासत में लेने की जानकारी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दी है। पुलिस ने कहा कि बकरियों को बुरे बर्ताव के चलते पकड़ा गया।

केंट पुलिस ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा, “इस वीकेंड के दौरान केंट में कुछ शरारती बकरियाँ घूम रही थीं। हमें नहीं मालूम है वह आई कहाँ से, लेकिन उन्हें लगा कि लोगों का पीछा करना बढ़िया आईडिया है… लेकिन मजाक नहीं, लोगों या बकरियों का दूसरों का पीछा करना ठीक नहीं है।”

पुलिस ने बकरियों को गिरफ्तार नहीं किया है, उन्हें एक पशु आसरा गृह में भेज दिया गया है। अब उनके मालिक का पता लगाया जाएगा। इन बकरियों के हिरासत में लिए जाने की खबर पर अब सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।