Saturday, April 19, 2025

खुलताबाद अब बनेगा रत्नापुर, औरंगजेब की कब्र वाले शहर का बदलेगा नाम: महाराष्ट्र के मंत्री ने किया ऐलान, मिलेगी पुरानी पहचान

महाराष्ट्र में औरंगजेब की कब्र वाले खुलताबाद शहर का नाम बदल जाएगा। महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि अब इसे पुराना नाम रत्नापुर दिया जाएगा। बता दें कि खुलताबाद छत्रपति संभाजीनगर से 25 किलोमीटर दूर है, जहाँ औरंगजेब के साथ उसके बेटे आजम शाह और निजाम असफ जाह की कब्रें हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिरसाट ने पिछले महीने कहा था, “औरंगजेब ने संभाजी महाराज को यातनाएँ दीं और उनकी हत्या की। ऐसे क्रूर शासक की कब्र महाराष्ट्र में क्यों?” उनका कहना है कि छत्रपति संभाजीनगर पहले खडकी था, जिसे औरंगजेब ने औरंगाबाद बनाया। उसी तरह खुलताबाद पहले रत्नापुर था, जिसे अब वापस लाया जा रहा है।

शिरसाट ने ये भी बताया कि सरकार वहाँ शिवाजी महाराज और संभाजी महाराज की वीरता का स्मारक बनाना चाहती है। उन्होंने कहा, “अब समय है अपने असली नायकों को सम्मान देने का।”