Tuesday, June 24, 2025

शर्मिष्ठा पनोली हुई जेल से रिहा, कलकत्ता HC ने बंगाल पुलिस को दिया सुरक्षा देने का आदेश: कहा- घर के बाहर खड़े होने वालों पर भी हो शिकायत दर्ज

कलकत्ता हाई कोर्ट से गुरुवार (5 जून 2025) को सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को अंतरिम जमानत मिलने के बाद आज (6 जून 2025) उन्हें कोर्ट से रिहा कर दिया गया। कोर्ट ने शर्मिष्ठा पनोली को 10 हजार की जमानत राशि और जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है।

शर्मिष्ठा और उसके पिता पृथ्वीराज पनोली ने शिकायत की थी कि पोस्ट के बाद से उसे लगातार धमकियाँ मिल रही हैं, इसलिए हाई कोर्ट ने पुलिस को शर्मिष्ठा को उचित सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश भी दिया है। साथ ही पुलिस से कहा गया है कि वो उन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करें जो लोग शर्मिष्ठा के घर के बाहर हैं।

लॉ स्टूडेंट और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को 30 मई 2025 को कोलकाता पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। शर्मिष्ठा ने ऑपरेशन सिंदूर पर बनाए एक वीडियो में कथित तौर पर सांप्रदायिक टिप्पणी की थी। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उसके गिरफ्तारी की माँग की थी। शर्मिष्ठा के पिता ने बेटी की रिहाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उसे अच्छा सबक मिला होगा।