Friday, December 27, 2024

‘सपने में यीशु का आदेश मिला… तोड़ डाली संत की प्रतिमा’: बेंगलुरु पुलिस ने किया गिरफ्तार, गुस्से में लोग

बेंगलुरु के सिद्धगंगा मठ के पूज्यनीय लिंगायत संत शिवकुमार स्वामी की प्रतिमा को 30 नवंबर की रात तोड़ दिया गया। आरोपित श्रीकृष्ण (37) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वो आंध्र प्रदेश का रहने वाला है और यहाँ पर वो डिलीवरी एग्जीक्यूटिव का काम करता है। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला दावा किया कि यह कृत्य उसने ‘यीशु मसीह के सपने में आए आदेश’ के कारण किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना वीरभद्र नगर में शुक्रवार (30 नवंबर 2024) की रात करीब 1:30 बजे हुई। आरोपित ने प्रतिमा को आंशिक रूप से तोड़ा और वहाँ से भाग निकला। सुबह स्थानीय लोगों ने इसे देखा और नाराजगी जाहिर की है।

घटना के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। स्थानीय निवासियों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए श्रीकृष्ण को गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब आरोपित की मानसिक स्थिति की जाँच कर रही है। मेडिकल जाँच की पुष्टि हुई है, और आगे की जाँच जारी है।

बेंगलुरु के आर्चबिशप डॉ. पीटर माचाडो ने इस घटना और आरोपित के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा, “यह तर्क पूरी तरह से आधारहीन और सांप्रदायिक उकसावे का प्रयास है। शिवकुमार स्वामी जैसे शांति और सहिष्णुता के प्रतीक के प्रति यह असम्मान अस्वीकार्य है।”

शिवकुमार स्वामी, जिन्हें “वॉकिंग गॉड” कहा जाता था, अपने शिक्षा और गरीबों की मदद के कार्यों के लिए प्रसिद्ध थे। उनका 2019 में 111 वर्ष की आयु में निधन हुआ था।