Monday, June 9, 2025

पश्चिम बंगाल में मिली भगवान विष्णु की 12 हाथ वाली प्रतिमा, द्वारकेश्वर नदी में खनन के दौरान निकली: हिन्दुओं ने चालू की पूजा, पुरातत्वविद बोले- इस्लामी आक्रान्ताओं से बचाने को दबाई होगी

पश्चिम बंगाल के बाँकुड़ा में भगवान विष्णु की एक मूर्ति मिली है। यह मूर्ति यहाँ द्वारकेश्वर नदी से शनिवार (7 जून, 2025) को बरामद हुई है। भगवान विष्णु की यह मूर्ति करीब 3 फीट की है। इस मूर्ति में भगवान विष्णु का 12 भुजाओं वाला रूप है। पुरातत्वविदों ने कहा है कि यह भगवान विष्णु का लोकेश्वर रूप है।

यहाँ कई बार जैन तीर्थंकरों की मूर्तियाँ भी मिल चुकी हैं। बाँकुड़ा की द्वारकेश्वर और कांगसावाती नदी की सभ्यता काफी प्राचीन बताई जाती है। वहीं इस बार नदी से रेत निकालते समय भगवान विष्णु की यह मूर्ति प्राप्त हुई है। यह मूर्ति एकदम सही अवस्था में है, इसमें कोई भी टूट-फूट नहीं हुई है।

लोगों ने कहा है कि इस इस्लामी आक्रान्ताओं से बचाने के लिए नदी में रखा गया होगा। पुरातत्वविद सुकुमार बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह मूर्ति असाधारण होने के साथ-साथ शिल्पकला का बेहतरीन उदाहरण भी है।

उनका कहना है कि अखंड अवस्था में मिली यह प्रतिमा ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यधिक मूल्यवान भी है। बताया गया है कि स्थानीय हिंदुओं ने भगवान विष्णु की मूर्ति को मंदिर में स्थापित भी कर दिया है।