Wednesday, January 1, 2025

महाराष्ट्र में फिर दबोचे गए 9 बांग्लादेशी, इनमें एक महिला भी शामिल: ATS की कार्रवाई में मिले फर्जी भारतीय दस्तावेज

अवैध घुसपैठियों के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने 9 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी ATS ने मंगलवार (31 दिसंबर 2024) को दी है। इन घुसपैठियों को मुंबई, नासिक, नांदेड़ और छत्रपति संभाजीनगर आदि स्थानों से पकड़ा गया है।

कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए ATS ने बताया कि आरोपितों को पकड़ने के लिए पिछले 4 दिनों तक चली छापेमारियों में स्थानीय पुलिस की भी मदद ली गई। पकड़े गए घुसपैठियों में 8 पुरुष व 1 महिला शामिल हैं। इन सभी के पास फर्जी आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। कुल 5 केस दर्ज करके जाँच करवाई जा रही है।

बताते चलें कि दिसंबर 2024 में महाराष्ट्र ATS एक विशेष अभियान चला कर 43 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें से अधिकतर के पास अवैध तौर पर बने भारतीय पहचान पत्र बरामद हुए। इन गिरफ्तारियों के मामलों में कुल 19 केस अलग-अलग थानों में दर्ज हुए हैं जिस पर छानबीन चल रही है।