Friday, January 17, 2025

बीवी के अकेले वॉक पर जाने से भड़का शौहर, बोला- तलाक, तलाक, तलाक: महाराष्ट्र के ठाणे में केस दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ 31 साल के एक शौहर ने अपनी 25 वर्षीय बीवी को महज इस वजह से ‘तीन तलाक’ दे दिया क्योंकि वह अकेले वॉक पर चली गई थी। बीवी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार (10 दिसंबर 2024) को आरोपित ने अपनी बीवी के अब्बू को फोन कर बताया कि वह ‘तीन तलाक’ देकर निकाह को खत्म कर रहा है। महिला ने इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) और मुस्लिम महिला (निकाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

गौरतलब है कि 2019 में ‘तीन तलाक‘ पर प्रतिबंध लगा दिया गया था और इसे अपराध घोषित किया गया था। इसके लिए अधिकतम तीन साल की सजा का प्रावधान है। सुप्रीम कोर्ट ने 2017 में इसे असंवैधानिक करार दिया था। इस पर बैन लगने के बावजूद ऐसे मामलों का सामने आना चिंताजनक है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।