केरल के मलप्पुरम में पुलिस ने हुसैन (21) और हसैनार (21) को एक महिला का न्यूड वीडियो वायरल करने के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों जुड़वाँ भाई हैं। महिला इन दोनों के बगल के घर में रहती थी और उसकी दोनों से दोस्ती हो गई थी। महिला का हुसैन से प्रेम प्रसंग भी चलने लगा था। वहीं हसैनार भी महिला से दोस्ती बढ़ाना चाहता था।
ऑनमनोरमा की रिपोर्ट के अनुसार, महिला हुसैन को वीडियो कॉल करती थी। हुसैन ने एक दिन महिला की न्यूड वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद हसैनार को इस वीडियो के बारे में पता लगा। दोनों भाइयों ने इसके बाद महिला को धमकाना चालू कर दिया कि वह दोनों में से एक से निकाह कर ले वरना वह उसका वीडियो वायरल कर देंगे और उसके घर वालों को भी भेज देंगे।
महिला ने निकाह से मना किया तो उन्होंने उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद महिला ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।