बिहार के हाजीपुर में शिक्षा विभाग ने एक पुरुष शिक्षक को गर्भवती बताकर ‘मातृत्व छुट्टी’ दे दी। यहाँ के महुआ प्रखंड क्षेत्र में स्थित उच्च विद्यालय हसनपुर ओसती में BPSC के जरिए शिक्षक जितेंद्र कुमार सिंह तैनात हैं। शिक्षा विभाग ने जितेंद्र सिंह को प्रेग्नेंट घोषित करते हुए महिलाओं को मिलने वाली छुट्टी मैटरनिटी लीव उनके लिए मंजूर कर ली। उसे विभाग के पोर्टल ई-शिक्षा कोष पर भी अपडेट कर दिया।
पोर्टल पर लिखा गया है कि जितेंद्र कुमार सिंह गर्भवती हैं और फिलहाल छुट्टी पर हैं। इस मामले में प्रखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अर्चना कुमारी ने गलती मानी। उन्होंने कहा कि टेक्निकल प्रॉब्लम के कारण एक पुरुष की छुट्टी मैटरनिटी लीव में अंकित हो गई है। इसमें सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को जो सीएल मिलता है, वह भी ईएल दिख रहा है। इसे सुधारा जाएगा।