पाकिस्तान के पेशावर में व्हाट्सएप ग्रुप से निकाले जाने से नाराज एक व्यक्ति ने 7 मार्च को ग्रुप के एडमिन की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना रेजी सफ़ेद सांग इलाके की है। हत्या करने वाले अशफ़ाक को ग्रुप एडमिन मुश्ताक ने व्हाट्सएप ग्रुप से क्यों हटाया था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। आशंका है कि दोनों के बीच पहले से ही दुश्मनी रही होगी और इस घटना ने आग में घी का काम किया।
मृतक के भाई हुमायूँ की शिकायत पर पाकिस्तानी पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की फिलहाल जाँच की जा रही है। बता दें कि ऐसा ही मामला भारत के गुड़गाँव में भी सामने आ चुका है। साल 2023 में एक व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन ने तीन लोगों को हटा दिया था। इसके बाद तीनों ने उसे गोली मार दी थी।