Friday, March 14, 2025

कौन बनेगा हिंसा प्रभावित मणिपुर का अगला CM? अमित शाह से मुलाकात के बाद बीरेन सिंह का इस्तीफा: राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की भी चल रही अटकलें

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार (9 फरवरी, 2025) को इस्तीफ़ा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्य के राज्यपाल अजय भल्ला को सौंप दिया। मणिपुर सीएम ने इससे पहले केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाक़ात की। इस्तीफ़ा सौंपने के दौरान उनके साथ भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।

राज्यपाल भल्ला ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है। उन्हें अगले मुख्यमंत्री की शपथ तक कार्यवाहक के तौर पर काम करने को कहा गया है। भाजपा ने अभी नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला नहीं किया है। राज्य में नए मुख्यमंत्री की रेस में विश्वजीत सिंह और सत्यब्रत सिंह समेत युमनाम खेमचंद सिंह का नाम चल रहा है। यह तीनों वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री हैं।

राज्य में कुछ माह के लिए राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की भी सुगबुगाहट चल रही है। मणिपुर मुख्यमंत्री का यह इस्तीफ़ा राज्य में मैतेई-कूकी के बीच हिंसा चालू होने के 21 माह के बाद आया है। इस हिंसा में अब तक सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं, बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हैं। सुरक्षाबलों को नुकसान उठाना पड़ा है।