Saturday, April 19, 2025

बिहार में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की हत्या: भाई ने ही मारी गोली, माँ भी घायल

बिहार में मामूली कहासुनी के बाद हुए खूनी संघर्ष ने इलाके में सनसनी फैला दी है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के एक भांजे की गोली लगने से मौत हो गई। दूसरा भांजा घायल है। बहन को भी गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुँची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना नवगछिया स्थित परबत्ता थानाक्षेत्र के जगतपुर गाँव की है। केंद्रीय मंत्री की चचेरी बहन हिना देवी और उनके बेटे जयजीत यादव और विश्वजीत यादव के बीच पानी को लेकर झगड़ा हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। विश्वजीत को गोली लगी और अस्पताल ले जाते वक्त मृत्यु हो गई।

एसपी प्रेरणा कुमारी बताती हैं, “दोनों भाइयों के बीच झगड़े में उनकी माँ बीच में आईं और उनके हाथ पर भी गोली लग गई। मृतक विश्वजीत का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। घटनास्थल से एक खोखा और एक कारतूस बरामद हुआ है।”

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के रिश्तेदार होने के चलते केस हाई प्रोफाइल हो गया है। राज्य में लगातार बढ़ रहे अपराध और बिहार चुनाव नजदीक होने के कारण भी विपक्ष लगातार हमलावर है। वहीं, घायल जयजीत यादव का अपराधिक इतिहास रहा है। दोनों भाइयों के बीच कई सालों से विवाद जारी है।