Sunday, March 2, 2025

महाराष्ट्र में केंद्रीय राज्यमंत्री की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़, रोकने पर गार्ड को भी पीटा: थाने पहुँचीं BJP नेता, CM फडणवीस बोले- आरोपितों को नहीं करेंगे माफ

महाराष्ट्र के जलगाँव में केंद्रीय खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे की नाबालिग बेटी और उसकी सहेलियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जलगाँव के मुक्ताई नगर के एक मेले में मंत्री की बेटी अपनी सहेलियों के साथ झूले पर बैठी थी। इसी दौरान कुछ लड़के उनका वीडियो बनाने लगे। वे किसी के साथ वीडियो कॉल भी कर रहे थे। इस दौरान बेटी के पुलिस सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

जब लड़के नहीं माने तो सुरक्षाकर्मी ने उनका मोबाइल जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपित लड़कों ने सुरक्षाकर्मी का कॉलर पकड़ लिया और धमकी देने लगे। सुरक्षाकर्मी ने इन अराजक तत्वों को ये भी बताया कि यह लड़की केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता की रिश्तेदार हैं, फिर भी वे नहीं मानें। इस मामले में केंद्रीय मंत्री शिकायत दर्ज कराने के लिए खुद थाने पहुँचीं। यह घटना 28 फरवरी की बताई जा रही है।

SDPO कृष्णत पिंगले ने बताया कि कोथली गाँव में अनिकेत घुई और उसके 7 दोस्तों ने 3-4 लड़कियों का पीछा किया और उनके साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने POCSO और IT एक्ट में मामला दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है।

कहा जा रहा है कि उस गुट में कुछ आपराधिक किस्म के युवक थे। वे शिवसेना शिंदे गुट के विधायक चंद्रकांत पाटिल के कार्यकर्ता हैं। इस मामले के लेकर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि एक पार्टी के कुछ पदाधिकारी हैं, जिन्होंने ये काम किया है। उन्हें माफ नहीं किया जा सकता। सख्त कार्रवाई की जाएगी।