मुंबई के आरे कॉलोनी में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया। स्किन कैंसर से जूझ रही 60 साल की यशोदा गायकवाड़ को उनके पोते ने कचरे के ढेर पर फेंक दिया। शनिवार (21 जून 2025) की सुबह पुलिस को वह कमजोर हालत में कचरे के पास मिलीं।
यशोदा ने बताया कि उनका पोता उन्हें वहाँ छोड़ गया। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुँचाने की कोशिश की, लेकिन कई अस्पतालों ने उनकी हालत देखकर भर्ती करने से मना कर दिया। आखिरकार शाम 5:30 बजे उन्हें कूपर अस्पताल में भर्ती किया गया।
पुलिस ने यशोदा के दिए दो पतों – मलाड और कांदिवली पर जाँच शुरू कर दी है। उनकी तस्वीर सभी पुलिस स्टेशनों में भेजी गई है, ताकि उनके परिवार का पता लगाया जा सके।
अभी यह साफ नहीं है कि पोते ने इतना अमानवीय कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की गहराई से जाँच कर रही है और परिवार के बारे में और जानकारी जुटा रही है।