Tuesday, June 24, 2025

भारत आ सकता है मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा, अमेरिकी कोर्ट के आदेश के बाद प्रत्यर्पण की कार्रवाई तेज: 26/11 हमले से पहले की थी रेकी

मुंबई में हुए 26/11 के आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा को जल्द ही भारत प्रत्यर्पित किया जा सकता है। अगस्त 2024 में अमेरिका की एक अदालत ने कहा था कि कनाडाई मूल का यह व्यक्ति भारत को प्रत्यर्पित करने योग्य है। इसी दौरान कोर्ट ने तहव्वुर की उस याचिका को भी ख़ारिज भी कर दिया था, जिसमें उसने खुद को भारत नहीं भेजने आग्रह किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2024 के इस फैसले के बाद से भारत और अमेरिका के बीच तमाम स्तरों पर इस कार्रवाई को अमल में लाने के लिए बातचीत जारी है। बताते चलें कि तहव्वुर राणा पर अपने साथी डेविड कोलमैन हेडली के साथ मिलकर मुंबई में हमलों की जगह की रेकी का आरोप है। भारतीय जाँच एजेंसियों ने उसे पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी ISI का एक्टिव मेंबर बताया है।

तहव्वुर राणा का नाम मुंबई पुलिस की चार्जशीट में भी है। उसी के दिए गए नक्शे पर पाकिस्तानी आतंकियों ने 2008 में मुंबई के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया था। उसको 26/11 हमलों के लगभग 1 साल बाद FBI ने अमेरिका के शिकागो शहर से गिरफ्तार किया था। तब से तहव्वुर को वापस लाने के प्रयास जारी हैं।