Sunday, June 8, 2025

बसावराजू के बाद अब हिडमा का नम्बर, 20 सालों के बाद मिली दूसरी तस्वीर: सुरक्षाबलों के एक्शन से आपस में बंटे नक्सली

नक्सलियों में एक के बाद एक जारी ऑपरेशन से भगदड़ की स्थिति है। नक्सली आतंकी अब दोफाड़ होते दिख रहे हैं। हाल ही में नक्सलियों का शीर्ष नेता बसावराजू एक एनकाउंटर में मारा गया था। उसके बाद बड़े कमांडर सुधाकर और भास्कर भी मार गिराए गए। इससे पहले कमांडर चलापति भी ढेर हो गया था।

अब सुरक्षाबल नक्सलियों के बड़े कमांडर हिडमा की तलाश में हैं। हिडमा ने सैकड़ों सुरक्षाबलों की हत्या करवाई है। हिडमा को अब तक इसलिए नहीं पकड़ा जा सकता था क्योंकि उसकी नई तस्वीर तक बाहर नहीं आती थी। लेकिन नक्सलियों में हाल ही में दोफाड़ भी हो गया है।

इसके चलते हिडमा की एक नई तस्वीर भी बाहर आई है। अंदाजा लगाया गया है कि हिडमा के अंदरूनी सर्कल में सुरक्षाबलों की घुसपैठ हो गई है। जल्द ही उसे भी ढेर किया जा सकता है। बताया गया है कि हिडमा पाँच लेयर की सुरक्षा में रहता है। इसके अलावा नक्सलियों का एक गुट जहाँ शांति वार्ता की बात कर रहा है, तो वहीं दूसरा गुट लड़ने का दम भर रहा है।