Tuesday, June 24, 2025

नीरज चोपड़ा का भाला पहली बार हुआ 90 मीटर पार, दोहा डायमंड लीग में रचा इतिहास: सिल्वर जीता, PM मोदी ने दी बधाई

भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार (16 मई 2025) को दोहा डायमंड लीग में इतिहास रच दिया। नीरज चोपड़ा ने पहली बार 90 मीटर से ज्यादा दूरी तक भाला फेंका। अपने तीसरे प्रयास में नीरज ने 90.23 मीटर का थ्रो किया, जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके इस अतुलनीय प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी है।

हालाँकि, इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बावजूद नीरज को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। जर्मनी के वेबर जूलियन ने 91.06 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता। नीरज पाँचवें थ्रो तक पहले स्थान पर थे, लेकिन आखिरी थ्रो में जूलियन आगे निकला।

90 मीटर का आँकड़ा नीरज के लिए एक चुनौती बना हुआ था, जिसे उन्होंने अब पार कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ नीरज 90 मीटर क्लब में शामिल हो गए हैं। इससे पहले नीरज चोपड़ा का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.94 मीटर था, जो उन्होंने 30 जून 2022 को स्टॉकहोम डायमंड लीग में फेंका था। यह इस सीजन का उनका पहला बड़ा मुकाबला था, जिसमें उन्होंने दिग्गजों को टक्कर दी।