केंद्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने रविवार (11 मई 2025) को बिहार के मोतिहारी से एक खलिस्तानी आतंकी कश्मीर सिंह गल्लवाड़ी को गिरफ्तार किया। उस पर 10 लाख का इनाम था। ये आतंकी खलिस्तानी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़ा था और 2016 में पंजाब के नाभा जेल से फरार हो गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गल्लवाड़ी नाभा जेल से फरार होने के बाद नेपाल में छिपकर रह रहा था। वह बीकेआई और हरविंदर सिंह संधू उर्फ ‘रिंदा’ आतंकी संगठनों के नेटवर्क का हिस्सा बन गया था।
27 नवंबर 2016 को नाभा जेल से 2 आतंकी और 4 गैंगस्टर भाग निकले थे। NIA की विशेष अदालत ने कश्मीर सिंह के लिए गैर जमानती वारंट जारी कर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। वह पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस मुख्यालय पर हुए RPG हमले में भी वांछित था। जब उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था तो NIA ने 2023 में उसकी सूचना देने वाले को 10 लाख का इनाम देने की घोषणा की थी।
भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिहाज से वह अन्य आतंकियों को रहने, फंडिंग और सामान पहुँचाने का काम कर रहा था। मोतिहारी पुलिस की सहायता से NIA ने कश्मीर सिंह को पकड़ा।