Saturday, July 12, 2025

नाइजीरिया में 100+ ईसाइयों की हत्या, इस्लामी आतंकियों ने बेडरूम में बंद कर कई को जिंदा जलाया: खेती-किसानी करने वाले घर छोड़ने को हुए मजबूर

नाइजीरिया के सेंट्रल बेन्यू स्टेट में इस्लामिक फुलानी मिलिशिया ने इसाई समुदाय के 100 से ज्यादा लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में सैकड़ों लोग घायल भी हुए हैं। वहीं, दर्जन भर अब भी लापता हैं। यहाँ मुस्लिम और इसाई के बीच जमीन को लेकर विवाद चलता आ रहा है। इसके चलते कई परिवार घर छोड़ने को मजबूर हैं।

एमनेस्टी इंटरनेशनल के अनुसार, येलेवाटा गाँव में हमला शुक्रवार (13 जून 2025) देर रात से शुरू होकर अगली सुबह तक चला। काफी परिवारों को उन्ही के घर में बेडरूम में बंद कर जिंदा जला दिया गया। वहीं, हमले में घायल लोगों को सही से चिकित्सा सहायता नहीं मिल पा रही है।

दरअसल, बेन्यू राज्य में उत्तर क्षेत्र में मुस्लिम और दक्षिण क्षेत्र में इसाई बहुल लोग रहते हैं। यहाँ मुस्लिम बहुल चरवाहों और इसाई बहुल किसानों के बीच जमीन को लेकर अक्सर विवाद रहता है। जब यह विवाद समुदाय पर आ जाता है, तो नरसंहार तक बात पहुँच जाती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इलाके में गोलीबारी और हत्याएँ की घटनाएँ बढ़ती जा रही हैं। इनमें अधिकतर पीड़ित किसान हैं, जिसके कारण देश की खाद्य सुरक्षा पर भी खतरा है। पिछले महीने संदिग्ध चरवाहों ने बेखौफ 42 लोगों की हत्या कर दी थी। साल 2019 से अब तक इन हिंसा में 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।