Tuesday, December 24, 2024

वक्फ की 8.72 लाख मस्जिद/प्रॉपर्टी, 3 साल में 488 शिकायतें, 37% संपत्तियों का ही डिजिटलीकरण: केंद्र ने संसद में बताया

देश में वक्फ की संपत्तियों को लेकर बीते 3 सालों में 488 शिकायतें मिली हैं। सबसे अधिक शिकायतें 2022 में मिली हैं। 2022 में 244 शिकायतें सामने आई हैं। यह जानकारी केंद्र सरकार ने संसद में दी है। केंद्र सरकार ने इसके अलावा वक्फ की सम्पत्ति को लेकर और भी जानकारी दी है।

केंद्र सरकार ने बताया है कि देश भर में 8.72 लाख वक्फ की अचल सम्पत्तियाँ हैं। इनमें से 994 सम्पत्तियाँ ऐसी हैं, जिन्हें गलत तरीके से वक्फ को हस्तांतरित किया गया है। इन 994 में से 734 सम्पत्तियाँ तमिलनाडु में ही है। वहाँ राजस्थान में ऐसी 63 सम्पत्तियाँ हैं।

केंद्र सरकार ने संसद में यह भी बताया है कि देश भर में वक्फ की 8.72 लाख संपत्तियों में से 3.3 लाख का ही डिजिटलीकरण हो सका है। यानी अब देश की 37% ही वक्फ सम्पत्ति का डिजिटलीकरण हो पाया है। वक्फ को लेकर हाल ही में संशोधन कानून आया है, जिसके बाद से लगातार चर्चा चल रही है।