Friday, June 20, 2025

अब ईरान में दिखा भारत का दम, इजरायल से लड़ाई के बीच भारतीयों के लिए खोला अपना एयर स्पेस: 1000 लोगों को लेकर भारत आ रहे ईरानी चार्टर प्लेन

भारत ने एक बार फिर अपनी ताकत और मानवता का परचम लहराया है। ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव के बीच भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू कर अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी का बीड़ा उठाया है। ईरान ने भारत के अनुरोध पर विशेष छूट दी, जिसके तहत मशहद शहर से महान एयर की चार्टर उड़ानों से करीब 1,000 भारतीयों को वापस लाया जा रहा है।

पहली उड़ान शुक्रवार (20 जून 2025) रात दिल्ली पहुँचेगी। इसके अलावा, उत्तरी ईरान से 110 भारतीय छात्रों को भारतीय दूतावास ने सीमा पार आर्मेनिया पहुँचाकर सुरक्षित निकाला। इजराइल में भी तेल अवीव से भारतीयों को सड़क मार्ग से सीमाओं तक ले जाकर हवाई मार्ग से भारत लाया जा रहा है।

भारत का यह कदम विश्व में उसकी ताकत और अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाता है। पहले भी रूस ने भारत के कहने पर यूक्रेन में गोलाबारी रोकी थी। ‘ऑपरेशन सिंधु’ भारत की कूटनीतिक ताकत और वैश्विक प्रभाव का प्रतीक है, जो हर भारतीय को गर्व का अहसास कराता है।