Wednesday, May 21, 2025

बौखलाए पाकिस्तान ने अपने ही लोगों के लिए बंद कर दिया बॉर्डर, अटारी-वाघा सीमा पर फँसे कई पाकिस्तानी

पाकिस्तान ने भारत के साथ अपनी सीमा को पूरी तरह से बंद कर दिया है। उसने पंजाब की अटारी-वाघा सीमा से लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी है। उसके इस कदम के चलते पाकिस्तानी नागरिक ही भारत में फँस गए हैं। वह इस सीमा पर पाकिस्तान जाने के लिए पहुँचे थे।

पाकिस्तान ने यह कदम तब उठाया है जब भारत ने पाकिस्तनियों के देश छोड़ने की मियाद अगले आदेशों तक बढ़ा दी है। भारत ने 1 मई, 2025 को यह मियाद बढ़ाई थी। लेकिन इसी दिन पाकिस्तान ने किसी भी व्यक्ति को अपनी तरफ आने की अनुमति नहीं दी।

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि 1 मई को पाकिस्तान जाना चाह रही कुछ महिलाओं को अनुमति नहीं दी गई, वह पाकिस्तानी नागरिक हैं। उन्होंने अपने मुल्क के इस सलूक पर प्रश्न उठाए हैं। कुछ लोगों ने बताया कि वह पाकिस्तान से आदेश आने का इन्तजार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि भारत ने 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश के भीतर रह रहे पाकिस्तानियों को वापस जाने को कहा था।