Sunday, March 23, 2025

पाकिस्तान में शिया-सुन्नी की लड़ाई में मौतों का आँकड़ा 100 के पार, चुन-चुन कर एक दूसरों को मार रहे कबीलाई: खैबर पख्तूनख्वाह के कुर्रम में हो रही है जंग

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत के कुर्रम जिले में बीते लगभग 2 सप्ताह से चल शिया-सुन्नी कबीलों के बीच की लड़ाई में मौतों का आँकड़ा 100 के पार पहुँच गया है। इस लड़ाई में कम से कम 138 लोग घायल भी हुए हैं। हजारों लोग अपना घर छोड़ कर दूसरी जगह पर चले गए हैं।

कुर्रम में यह लड़ाई इस बार शियाओं के एक काफिले पर हुई हमले के बाद चालू हुई थी। इस हमले में 52 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद दोनों कबीले लड़ने लगे। एक ने दूसरे का बाजार जलाया तो दूसरे ने घेर कर मारा। बीच में सीजफायर समझौता भी हुआ लेकिन वह चंद दिन भी नहीं टिक सका।

कुर्रम में हो रही इस लड़ाई की वजह से इन्टरनेट और मोबाइल सेवाएँ भी बंद हैं। कुर्रम से पारचिनार को जाने वाली सड़क भी बंद कर दी गई हैं। पाकिस्तान सरकार यहाँ लड़ाई रोकने में पूरी तौर पर विफल हो गई है। शिया सुन्नी की यह लड़ाई बीते कई दशकों से जारी है।