Sunday, December 29, 2024

लैंडिंग के दौरान हवाईपट्टी के बाड़े से टकराया यात्री विमान, भीषण आग में 85 की मौत: बैंकॉक से दक्षिण कोरिया जा रही फ्लाइट से टकराया था पक्षी

दक्षिण कोरिया के मुआन एयरपोर्ट पर 6 स्टाफ सहित कुल 181 यात्रियों को ले जा रहा एक यात्री विमान रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे अब तक 85 लोगों की मौतों की खबर है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। राहत और बचाव कार्य जारी है। यह घटना रविवार (29 दिसंबर 2024) की सुबह 9 बजे के आसपास की बताई जा रही है।

जेजू एयरलाइंस का एक विमान राजधानी सियोल से लगभग 300 किलोमीटर दूर मुआन काउंटी के मुसान हवाई अड्डे पर उतरा था। विमान बैंकाक से लौटा था। लैंडिंग के दौरान चालक दल ने जहाज पर नियंत्रण खो दिया और यह एयरपोर्ट की बाड़ से टकरा गया। कुछ ही समय में जहाज में आग लग गई। अब तक 85 मौतें हो चुकी हैं। वहीं, कई घायलों की हालत गंभीर है।

शुरुआती तौर पर विमान का लैंडिंग गियर किसी पक्षी के टकराने से क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। हालाँकि, आधिकारिक पुष्टि से पहले घटना की गहराई से जाँच करवाई जा रही है। वही, दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।