Tuesday, March 18, 2025

नए साल पर PM मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएँ, साल 2024 की उपलब्धियों को किया साझा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए साल 2025 के मौके पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मेरा भारत आगे बढ़ रहा है।” इस संदेश के साथ उन्होंने 2.41 मिनट का एक एनिमेटेड वीडियो भी साझा किया, जिसमें साल 2024 के दौरान देश की उपलब्धियाँ और विकास कार्यों को दिखाया गया है।

पीएम मोदी ने काव्यात्मक अंदाज में लिखा कि भारत ने इस साल धरती से लेकर अंतरिक्ष तक, रेलवे से लेकर रनवे तक और नवाचारों से लेकर संस्कृति तक अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने 2024 को भारत के लिए आत्मविश्वास और उपलब्धियों का साल बताया और कहा कि यह साल 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की ओर एक और कदम है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में सभी देशवासियों को अपार खुशियों और तरक्की की कामना करते हुए नए साल को भारत के विकास के लिए नई संभावनाओं का साल बताया। उन्होंने कहा कि 2025 देश के लिए नई उम्मीदों और सफलता के रास्ते खोलेगा। देशवासियों ने इस संदेश को बड़े उत्साह के साथ साझा किया।