Friday, April 25, 2025

संभल हिंसा में सपा MP जिया उर रहमान बर्क को पुलिस ने जारी किया नोटिस, घर पर चल सकता है बुलडोजर: टीम ने नपाई का काम किया पूरा

संभल हिंसा में समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क को पूछताछ के लिए पुलिस ने नोटिस जारी किया है। दूसरी तरफ अवैध निर्माण मामले में भी उन पर शिकंजा कस गया है। जाँच टीम ने 24 मार्च 2025 को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नपाई का काम पूरा किया।

रिपोर्ट के अनुसार संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार विश्नोई ने सांसद को नोटिस दिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि हिंसा से जुड़े मामलों की विवेचना जारी है और उच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में सांसद नामजद अभियुक्त हैं, इसलिए उनसे पूछताछ आवश्यक है। उनके अन्य लोगों से संबंध और न्यायालय में दिए गए हलफनामे की जाँच भी की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर 2024 को कोर्ट के आदेश पर जामा मस्जिद का सर्वे करने गई टीम पर मुस्लिम भीड़ ने हमला किया था। इस दौरान उपद्रवियों की गोली से ही 4 लोगों की मौत हो गई थी। इसी क्रम में 23 मार्च 2025 को जामा मस्जिद के सदर जफर अली की भी गिरफ्तारी की गई थी।